Kisan Credit Card: आज हम बात करेंगे एक ऐसी योजना की जो करोड़ों किसानों की जिंदगी बदल रही है और वह है किसान क्रेडिट कार्ड यानी केसीसी। अगर आप किसान हैं या खेती से जुड़े हैं तो यह लेख आपके लिए बेहद खास है। आज हम जानेंगे कि केसीसी यानी किसान क्रेडिट कार्ड क्या है? यह कैसे काम करता है? और इसे कैसे बनवाया जा सकता है? और सबसे जरूरी बात कि यह सामान्य लोन से कैसे अलग है? और किसानों के लिए कितना फायदेमंद है। सबसे पहले जानते हैं कि किसान क्रेडिट कार्ड क्या है?
किसान क्रेडिट कार्ड क्या है? – Kisan Credit Card
किसान क्रेडिट कार्ड दरअसल भारत सरकार की एक विशेष योजना है जो 1998 में शुरू की गई थी। यह एक तरह का क्रेडिट कार्ड है जो खासतौर पर किसानों के लिए बनाया गया है। जैसे आप अपने क्रेडिट कार्ड से जरूरत के समय पैसे निकाल सकते हैं वैसे ही किसान केसीसी से खेती के लिए पैसे निकाल सकते हैं। लेकिन यह सामान्य क्रेडिट कार्ड से बिल्कुल अलग है क्योंकि इसमें ब्याज दर बहुत कम है और शर्तें किसानों के अनुकूल हैं।
केसीसी के जरिए किसान बीज, खाद, कीटनाशक खरीदने से लेकर फसल की कटाई तक के सभी खर्चों के लिए लोन ले सकते हैं। 2004 में इस योजना को और विस्तृत किया गया और अब इसमें पशुपालन, मछली पालन और बाकी कृषि से जुड़ी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
केसीसी कैसे काम करता है?
केसीसी की सबसे खास बात यह है कि एक रिवॉल्विंग क्रेडिट की तरह काम करता है। मतलब आपको एक निश्चित लिमिट दी जाती है। अभी सरकार ने इस लिमिट को और बढ़ा दिया है। पहले केसीसी के तहत ₹3 लाख तक लोन मिलता था। लेकिन अब 2025-26 के यूनियन बजट में इसे ₹5 लाख तक कर दिया है। मान लीजिए आपकी लिमिट ₹5 लाख है तो आप इस सीमा के अंदर जब चाहे पैसे निकाल सकते हैं और जब चाहे वापस जमा कर सकते हैं।

जैसे ही आप पैसे वापस करते हैं, आपकी लिमिट फिर से बढ़ जाती है। यह कार्ड 5 साल के लिए जारी होता है और हर साल आपकी लिमिट में लगभग 10% की बढ़ोतरी भी हो सकती है। सबसे बड़ी बात यह है कि अगर आप समय पर पैसे वापस करते हैं तो सरकार आपको ब्याज दर में भारी छूट देती है। सामान्य तौर पर ब्याज दर 7% है लेकिन समय पर चुकाने पर आपको 3% की अतिरिक्त सब्सिडी मिलती है। यानी आपको सिर्फ 4% ब्याज देना होता है।
किसान क्रेडिट कार्ड कैसे बनवाया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अपनी पसंद के बैंक की वेबसाइट पर जाएं। होम पेज पर आपको किसान क्रेडिट कार्ड दिखेगा। किसान क्रेडिट कार्ड पर क्लिक करते ही अप्लाई का ऑप्शन दिखेगा। अप्लाई पर क्लिक करते ही आपको एक नया पेज दिखेगा। अपनी सभी डिटेल भरें और सबमिट पर क्लिक करें। इसके बाद आपको एप्लीकेशन रेफरेंस नंबर दिखेगा। यदि आप पात्र होंगे तो 5 दिनों के अंदर बैंक आपसे संपर्क करेगा।
वहीं ऑफलाइन आवेदन करने के लिए आपको अपनी पसंद के बैंक में जाना होगा। वहां आपको जाकर किसी बैंक अधिकारी से किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए कहना होगा। इस फॉर्म में आपको अपनी सभी डिटेल्स भरकर जमा करनी होगी। एक खास बात यह है कि ₹3 लाख तक का लोन अब पूरी तरह कोलटरल फ्री है। यानी आपको कुछ भी गिरवी नहीं रखना होता है और बैंक की व्यवस्था के हिसाब से आपकी लिमिट इससे ऊपर बढ़ सकती है।
किसान क्रेडिट कार्ड किसानों के लिए कितना फायदेमंद है
केसीसी के कई फायदे हैं। पहला फायदा है कम ब्याज दर। यानी जहां सामान्य पर्सनल लोन पर 12 से 18% तक ब्याज लगता है, वहीं केसीसी पर सिर्फ 4 से 7% ब्याज है। दूसरा फायदा यह है कि आप जब चाहे पैसे निकाल सकते हैं। वहीं केसीसी के साथ फसल बीमा मिलता है जो प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचाता है। बार-बार लोन लेने के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं है। एक बार कार्ड बन जाने के बाद 5 साल तक इस्तेमाल कर सकते हैं। केसीसी से आप सिर्फ खेती ही नहीं बल्कि पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य कृषि व्यवसायों के लिए भी लोन ले सकते हैं।
इसे भी पढ़ें – PM Kisan Nidhi Yojana 21th Installment Update: इस दिन आएगी पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त
केसीसी और सामान्य लोन में क्या अंतर है?
अब आते हैं सबसे जरूरी सवाल पर। केसीसी और सामान्य लोन में क्या अंतर है? सामान्य लोन किसी भी काम के लिए लिया जा सकता है। जबकि केसीसी सिर्फ कृषि और संबंधित कार्यों के लिए है। सामान्य पर्सनल लोन पर 12 से 24% तक ब्याज हो सकता है। जबकि केसीसी पर अधिकतम 7% और सब्सिडी के बाद सिर्फ 4% ब्याज है। वहीं सामान्य लोन में आपको हर महीने ईएमआई देनी होती है। जबकि केसीसी में आप फसल बेचने के बाद पैसे चुका सकते हैं। सामान्य लोन में पूरी राशि एक बार मिलती है। जबकि केसीसी में आप जरूरत के अनुसार बार-बार पैसा निकाल और जमा कर सकते हैं।
सामान्य लोन में अक्सर गारंटी या संपत्ति गिरवी रखनी होती है। जबकि केसीसी में 2 लाख तक बिना गारंटी के लोन की सुविधा है। सामान्य लोन में फीस ज्यादा होती है। जबकि केसीसी में बहुत कम या ना के बराबर केसीसी से किसान समय पर बीज और खाद खरीद सकते हैं। नई तकनीक अपना सकते हैं और अपनी उत्पादकता बढ़ा सकते हैं।
आज देश में करीब 7.72 करोड़ किसान केसीसी का फायदा उठा रहे हैं और कुल ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा का क्रेडिट इस योजना के तहत दिया जा चुका है। तो अगर आप किसान हैं और अभी तक केसीसी नहीं बनवाया है तो देर ना करें। आज ही अपने नजदीकी बैंक जाएं और केसीसी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
